बागेश्वर धाम की पहाड़ी पर मिली महिला की जलती हुई लाश, धुआं देख घबराया पुजारी; इलाके में दहशत

बागेश्वर धाम की पहाड़ी पर मिली महिला की जलती हुई लाश, धुआं देख घबराया पुजारी; इलाके में दहशत


छतरपुर के बागेश्वर धाम गढ़ा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गढ़ा की चांदी माता पहाड़ पर एक महिला का जला हुआ शव मिला है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे मंदिर के पुजारी ने पहाड़ पर महिला का जलता हुआ शव देखा। शव को कागजों से जलाया गया था। महिला के शव से धुआं निकलता देख पास पहुंचा पुजारी घबरा गया। उसने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जब तक पुलिस पहुंचती शव लगभग जल चुका था। पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बागेश्वर धाम के आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही पुलिस

मृतक महिला कौन है और कहां की रहने वाली है, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस बागेश्वर धाम के आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस आसपास के थानों में भी पता लग रही है कि कहीं किसी महिला के गुमशुदा होने की शिकायत तो दर्ज नहीं कराई गई है। महिला इतनी ऊंची पहाड़ी पर कैसे पहुंची, उसे कौन ले गया और किसने उसकी शरीर में आग लगाई, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।

ऊंची पहाड़ी पर जल रहा था शव

बागेश्वर धाम चौकी में पदस्थ SI देवेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि एक महिला का जला हुआ शव मिला है। शव महिला का है या किसी लड़की का फिलहाल यह पता नहीं लग सका है। क्योंकि शव लगभग जल चुका है। इसलिए पहचान करने में दिक्कत हो रही है। आसपास के लोगों और पहाड़ी पर बने मंदिर के पुजारी ने बताया कि उन्होंने इस महिला के शव को जलते हुए देखा। लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था।

इलाके में फैली सनसनी

जानकारी के मुताबिक, जिस पहाड़ी पर महिला का शव मिला है उसकी ऊंचाई लगभग 500 मीटर है। इतनी ऊंची पहाड़ी पर महिला कैसे पहुंची और उसे किसने जलाया इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है। फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिलेंगे लेकिन धाम की पहाड़ी पर शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।