रतन टाटा के निधन से शोक में देश, महाराष्ट्र सरकार ने कार्यक्रम रद्द किए

रतन टाटा के निधन से शोक में देश, महाराष्ट्र सरकार ने कार्यक्रम रद्द किए


दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का निधन हो गया है। बुधवार रात 86 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से कारोबारी से लेकर मनोरंजन, राजनीति, खेल जगत तक शोक पसर गया है। इस मौके पर महाराष्ट्र सरकार ने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए NCPA में रखा जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसका ऐलान किया है।

टाटा के परिवार ने एक बयान में कहा, ‘हम – उनके भाई, बहन और परिवार, उन सभी लोगों से मिले प्यार और सम्मान से सांत्वना और सुकून पाते हैं, जो उनका सम्मान करते थे। हालांकि, अब रतन टाटा व्यक्तिगत रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विनम्रता, उदारता और उद्देश्य की विरासत भावी पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।’ टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एक बयान में रतन टाटा को अपना ‘मित्र और मार्गदर्शक’ बताया।

यहां देखें लाइव अपडेट्स-

05:54 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ऐलान किया है कि उद्योगपति रतन टाटा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुवार को राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और राज्य में सभी जश्न और मनोरंजन कार्यक्रम रद्द किए जा रहे हैं। सीएम शिंदे ने गुरुवार को एक दिन के शोक का भी ऐलान किया है।

05:49 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- रतन टाटा के पार्थिव शरीर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से उनके कोलाबा स्थित आवास पर लाया गया। बुधवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

05:37 AM Ratan Tata Death LIVE Updates- रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसरकर ने कहा, ‘उद्योगपति रतन टाटा के निधन के कारण कल मुंबई में राज्य सरकार के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं…।’