पेरिस ओलंपिक में हरमनप्रीत सिंह के निशाने पर होगा गोल्ड मेडल, कप्तान ने कहा- अपने इतिहास और विरासत को…

पेरिस ओलंपिक में हरमनप्रीत सिंह के निशाने पर होगा गोल्ड मेडल, कप्तान ने कहा- अपने इतिहास और विरासत को…


ऐप पर पढ़ें

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह आगामी पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए बेताब हैं जो देश और इस खेल दिग्गज खिलाड़ियों के लिए सच्चा सम्मान होगा। ओलंपिक में आठ बार के चैंपियन भारत ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत कर 41 वर्षों के लंबे इंतजार को खत्म किया था। हरमनप्रीत की अगुवाई वाली टीम का लक्ष्य पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। भारत अभी तक आठ स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य से कुल 12 ओलंपिक पदक जीत चुका है।

हरमनप्रीत ने जिओ सिनेमा के एक कार्यक्रम में कहा, ”हम अपने इतिहास और विरासत को आगे बढ़ाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। स्वर्ण पदक जीतना भारत और हमारे सीनियर खिलाड़ियों के लिए सच्चा सम्मान होगा।” टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के कप्तान रहे मनप्रीत सिंह ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त किए। मनप्रीत ने कहा, ”दाहिनी तरफ जब मैंने तिरंगा देखा तो मुझे लगा कि अगली बार हम अधिक मेहनत करके अपने तिरंगा को बीच में देख सकते हैं और तब हमारा राष्ट्रगान भी बज रहा होगा। यह हमारी यात्रा की शुरुआत है।”

अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने कहा, ”आपको हराने के लिए कहीं कोई कड़ी मेहनत कर रहा है। यह सोचकर मैं और कड़ी मेहनत करने लग जाता हूं। जब भी मैं अभ्यास करता हूं तो यह सोचता हूं कि मुझे अपने देश के एक अरब 40 करोड लोगों को निराश नहीं करना है।” भारतीय टीम ओलंपिक में अपना अभियान 27 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू करेगी। इसके बाद 29 जुलाई को टीम का सामना अर्जेंटीना से होगा। फिर भारत 30 जुलाई को आयरलैंड से, एक अगस्त को बेल्जियम से और दो अगस्त को आस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।

पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय हॉकी टीम

गोलकीपर: पीआर श्रीजेश

डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय

मिडफील्डर: राजकुमार पाल, शमशेर सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद

फॉरवर्ड: अभिषेक, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मंदीप सिंह, गुरजंत सिंह

वैकल्पिक खिलाड़ी : नीलकांत शर्मा, जुगराज सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक।