MP में करवा चौथ के दिन पत्नी की हत्या, सबके सामने घोंप दिया चाकू; लेकिन दो लड़कों को बताया खूनी

MP में करवा चौथ के दिन पत्नी की हत्या, सबके सामने घोंप दिया चाकू; लेकिन दो लड़कों को बताया खूनी


मध्य प्रदेश के दमोह में करवा चौथ के दिन एक 31 साल की महिला की दरिंदगी से हत्या कर दी गई। प्राइवेट बस स्टैंड पर कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने इस खौफनाक मंजर को देखा। महिला की पहचान गीता ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति राजा ठाकुर को हिरासत में ले लिया है। राजा पर अपनी पत्नी की चाकू घोंप कर हत्या करने का आरोप लगा है। हालांकि पकड़े जाने के बाद राजा ने पुलिस को कुछ और कहानी सुनाई है।

आरोपी पति ने सुनाई दूसरी कहानी

हादसे के समय बस स्टैंड के पास एक छोटा बच्चा भी मौजूद था। जानकारी के मुताबिक, बच्चा एक बस मालिक का बेटा है। राजा उन्हीं का बस चलाता है। बच्चे ने बताया कि राजा ने ही अपनी पत्नी के पेट में चाकू घोंप दिया। वहीं कुछ अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने भी राजा पर हत्या करने का आरोप लगाया है। लेकिन राजा का कहना है कि दो अन्य लोगों से उसका विवाद हो गया था। उन्हीं लोगों ने पत्नी को चाकू मार दिया।

दो लोगों के आने के बाद हुआ विवाद

मृतका गीता ठाकुर फुटेरा वार्ड दो की रहने वाली थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस स्टैंड पर गीता और राजा बैठे हुए थे। तभी वहां दो लोग आए। इसके बाद राजा और उन दोनों लोगों में विवाद हो गया। इसी बीच चाकू निकाल कर राजा ने पत्नी पर अटैक कर दिया। घायल होने के बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी आनंद सिंह ने बताया कि आरोपी पति का कहना है कि हत्या उसने नहीं बल्कि दो अन्य लोगों ने की है। वहीं बस स्टैंड पर मौजूद अन्य लोगों का कहना है कि राजा ने ही गीता को चाकू मारा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी पति संदेह के घेरे में है। जांच पूरी हो जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।