PM नरेन्द्र मोदी के मॉस्को पहुंचते ही तिरंगे की रोशनी में नहाया यूरोप का सबसे ऊंचा टॉवर, देखें VIDEO

PM नरेन्द्र मोदी के मॉस्को पहुंचते ही तिरंगे की रोशनी में नहाया यूरोप का सबसे ऊंचा टॉवर, देखें VIDEO


ऐप पर पढ़ें

PM Modi Grand Welcome in Russia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से शिखर वार्ता के लिए रूस पहुंच गए हैं। उनका रूसी धरती पर भव्य स्वागत हुआ है। पहले एयरपोर्ट पर उन्हें रूस के प्रथम डिप्टी पीएम की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। फिर यूरोप की सबसे ऊंची इमारत ओस्टैंकिनो टॉवर को भारतीय ध्वज के रंगों से रोशन किया गया। यूक्रेन पर मास्को के आक्रमण की शुरुआत के बाद से यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली रूस यात्रा है। रूस की राजधानी मॉस्को में 1,771 फीट (540 मीटर) ऊंचा ओस्टैंकिनो टीवी टॉवर दुनिया का चौथा सबसे ऊंचा और यूरोप का सबसे ऊंचा टॉवर है। इसे 1967 में प्रसिद्ध सोवियत इंजीनियर निकोलाई निकितिन ने बनवाया था। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार से अपनी दो दिवसीय रूस यात्रा शुरू की जिसमें वह व्यापार, ऊर्जा एवं रक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान देते हुए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर वार्ता करेंगे। मोदी ने मॉस्को पहुंचते ही कहा कि वह भविष्य के क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को गहन बनाने को लेकर आशान्वित हैं और भारत तथा रूस के बीच मजबूत संबंधों से ‘‘हमारे लोगों को बहुत लाभ मिलेगा।’’

रूस पहुंचने के बाद पीएम मोदी का ट्वीट

रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव ने वनुकोवो-2 हवाई अड्डे पर मोदी की अगवानी की। वह मोदी को हवाई अड्डे से उनके होटल तक छोड़ने उनके साथ गए। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मॉस्को पहुंच गया हूं। हमारे देशों के बीच, खासतौर पर सहयोग के भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने को लेकर आशान्वित हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों का हमारे लोगों को बहुत लाभ मिलेगा।’’

यूक्रेन हमले के बाद पहली रूस यात्रा

यह पिछले पांच साल में मोदी की रूस की पहली यात्रा है। यह फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद उनकी पहली मॉस्को यात्रा है। यह मोदी के तीसरे कार्यकाल की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। इससे पहले वह 2019 में रूस गए थे जहां उन्होंने सुदूर पूर्वी शहर व्लादिवोस्तक में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लिया था।

रूस और भारत में अहम मुद्दों पर चर्चा

पुतिन मॉस्को में 22वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन के तहत मंगलवार को होने वाली वार्ता से पहले आज रात भारतीय प्रधानमंत्री के लिए निजी रात्रिभोज देंगे। मोदी यहां राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे और भारतीय समुदायों के सदस्यों के साथ संवाद भी करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच विशेष साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ महत्वपूर्ण बातचीत करेंगे। वह रूस में भारतीय समुदाय के साथ भी संवाद करेंगे।’’

गौरतलब है कि इससे पहले मॉस्को पहुंचने पर भारतीय प्रधानमंत्री को हवाई अड्डे पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। शहर में कार्लटन होटल में भारतीय मूल के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और कुछ रूसी कलाकारों ने हिंदी गीतों की धुन पर नृत्य कर उनका स्वागत किया। मोदी ने भारत से रवाना होने से पहले अपने बयान में कहा कि भारत एक शांतिपूर्ण और स्थिर क्षेत्र के लिए सहायक की भूमिका निभाना चाहता है।